मुरादाबाद। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान और चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंदिर में प्राप्त दान राशि एवं बहुमूल्य आभूषणों से संबंधित सामने आए आरोपों पर चिंता जताई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मामले में पारदर्शिता बरतने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि श्रीराम मंदिर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में मंदिर से जुड़े आर्थिक मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे और वास्तविक तथ्यों का खुलासा हो सके।
जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम प्रीति सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कथित वित्तीय गड़बड़ियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष जुनैद इकराम, पूर्व जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, अनुभव महरोत्रा, अंजार हुसैन, मोहम्मद अब्बास, राजा अली, बन्ने पहलवान, नजाकत ठेकेदार, अनूप दुबे, पार्षद मोअज्जम अली, अनुराग शर्मा, सफदर नियाजी, अरमान खुर्शीद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
