मुरादाबाद। भवन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और तेज बनाने की दिशा में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बुधवार को प्राधिकरण सभागार में शासन द्वारा विकसित नई ऑनलाइन “फास्टपास” (FastPass) प्रणाली के संचालन एवं उपयोग संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सॉफ्टवेयर सर्विस प्रोवाइडर फर्म के विशेषज्ञों ने प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ नगर के निजी वास्तुविदों और पंजीकृत अभियंताओं को नई प्रणाली की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं तथा मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में लगभग 25 प्रतिभागियों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
अधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा पूर्व में संचालित ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम (OBPAS) को बंद कर दिया गया है। उसकी जगह लागू की गई फास्टपास प्रणाली के माध्यम से भवन मानचित्रों के ऑनलाइन अनुमोदन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाया गया है।
प्राधिकरण के अनुसार वर्तमान में सभी श्रेणी के भवन मानचित्रों के आवेदन और स्वीकृति की प्रक्रिया फास्टपास पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है। इससे आवेदकों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समयबद्ध तरीके से मानचित्र स्वीकृति सुनिश्चित हो सकेगी।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने भवन स्वामियों, वास्तुविदों एवं पंजीकृत अभियंताओं से अपील की है कि वे भवन मानचित्र स्वीकृति से संबंधित सभी आवेदन अब केवल फास्टपास पोर्टल के माध्यम से ही प्रस्तुत करें, ताकि नई व्यवस्था का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके@शांतनु/INN
