मुरादाबाद। नगर पंचायत भोजपुर में बुधवार को अधिशासी अधिकारी (ईओ) नीतू सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भोजपुर पुलिस भी मौजूद रही। नगर पंचायत की टीम ने बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में सड़क एवं नालों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए कार्रवाई की।
ईओ नीतू सिंह ने बताया कि बरसात से पहले नालों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण हटाया जा रहा है। नालों पर अतिक्रमण होने के कारण उनकी तलीझाड़ सफाई प्रभावित हो रही थी, जिससे हाल ही में हुई मामूली बारिश में भी मुख्य सड़कों पर जलभराव की समस्या सामने आई थी। आगामी मानसून को देखते हुए नालों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी।

अतिक्रमणकारियों को नोटिस, कई के चालान
अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किए गए तथा मौखिक रूप से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। नियमों की अनदेखी करने वाले कुछ लोगों के चालान भी काटे गए। ईओ ने सफाई नायक महेंद्र सिंह को जेसीबी मशीन और सफाई कर्मचारियों की मदद से नालों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए।
ठेला-फड़ कारोबारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा (टिहरी) राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना भोजपुर के सामने सड़क किनारे खड़े होने वाले फल एवं पकौड़ी विक्रेताओं को राजकीय इंटर कॉलेज की दीवार के पास निर्धारित स्थान पर अपने ठेले लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

टेंपो चालकों के लिए स्टैंड की व्यवस्था
सड़क किनारे खड़े होकर सवारियों का इंतजार करने वाले टेंपो चालकों के लिए धर्मपुर आंगा तिराहे के निकट टेंपो स्टैंड का उपयोग करने की व्यवस्था किए जाने की बात भी कही गई है। इससे सड़क पर लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकेगा।

जलभराव और दुर्घटनाओं से राहत की उम्मीद
नगर पंचायत प्रशासन का मानना है कि यदि प्रस्तावित योजना पूरी तरह लागू हो जाती है तो बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में कमी आएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था बेहतर होने और सड़क किनारों के व्यवस्थित होने से क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा@जफर/INN
