भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में अपने नए संगठनात्मक ढांचे की घोषणा कर दी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी नेतृत्व ने 46 पदाधिकारियों की नई टीम का ऐलान किया है।
चुनावी तैयारियों को धार देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले यह पद उनके बड़े भाई और विधायक पंकज सिंह के पास था।
नई टीम में समाजवादी पार्टी से भाजपा में शामिल हुईं पूजा पाल को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बाराबंकी की प्रियंका रावत को पदोन्नति देते हुए महामंत्री से उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा ने संजय राय और विधायक राजेश चौधरी को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। इसके अलावा रोहित मिश्रा को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी का मानना है कि यह नई टीम युवाओं, विभिन्न सामाजिक वर्गों और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने को नई टीम का सबसे चर्चित बदलाव माना जा रहा है। पंकज सिंह की जगह उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर पार्टी ने संगठन में नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का संकेत दिया है।
