मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कटघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें तथा वारदात में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 को चेकिंग के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर चार अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और निशानदेही पर उनके कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई सात मोटरसाइकिलें और एक मोटरसाइकिल, जिसका इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में किया जाता था, बरामद की गई।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- मुकेश यादव उर्फ भोले पुत्र लालाराम, निवासी ग्राम पृथ्वीपुर, थाना सिरौली, जनपद बरेली
- बंटी पुत्र ओमपाल यादव, निवासी ग्राम पृथ्वीपुर, थाना सिरौली, जनपद बरेली
- अनिल यादव पुत्र जीवन सिंह, निवासी ग्राम पृथ्वीपुर, थाना सिरौली, जनपद बरेली
- विनीत यादव पुत्र नरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम दयोरा खास, थाना कुढ़फतेहगढ़, जनपद सम्भल
रामपुर और मुरादाबाद से चोरी की थीं बाइकें
पुलिस द्वारा बरामद की गई मोटरसाइकिलों में कई वाहन मुरादाबाद और रामपुर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। बरामद वाहनों में स्प्लेंडर प्लस, स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। एक बाइक चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाती थी।
कम कीमत पर बेच देते थे चोरी की बाइकें
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सामूहिक रूप से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद वाहनों को जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था और प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि बरामद आठ मोटरसाइकिलों में से एक बाइक मुकेश यादव के जीजा की है, जिसका उपयोग चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जाता था, जबकि बाकी सात बाइकें चोरी की थीं।
आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुकेश यादव और बंटी के खिलाफ पहले से चोरी और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना कटघर में मुकदमा संख्या 0350/2026 धारा 317(2), 317(4) एवं 317(5) बीएनएस के तहत पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
वाहन चोर गिरोह की गिरफ्तारी में थाना कटघर प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनीत कुमार, उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, उपनिरीक्षक भानु प्रताप, हेड कांस्टेबल पवन कुमार, हेड कांस्टेबल अतुल कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई@जफर/INN
