मुरादाबाद। थाना भोजपुर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई करते हुए पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चालान किया है। सभी आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/135/126 के अंतर्गत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार पहली कार्रवाई में ग्राम मिलक लालूवाला निवासी तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें उस्मान पुत्र नजीर (24 वर्ष), नवाब पुत्र भूरा (25 वर्ष) तथा मोहसिन पुत्र रईस (20 वर्ष) शामिल हैं। तीनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए संबंधित रिपोर्ट तैयार की गई।

वहीं दूसरी कार्रवाई में ग्राम सेहल निवासी कुलदीप सिंह उर्फ सोनू पुत्र नरेंद्र पाल सिंह (35 वर्ष) तथा कुलवंत राव पुत्र बलवंत सिंह (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके विरुद्ध भी धारा 170/135/126 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए चालान कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध शांति भंग होने की आशंका के मद्देनजर निरोधात्मक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया@जफर/INN
