मुरादाबाद/भोजपुर। भोजपुर क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और आपसी सौहार्द के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में विभिन्न मोहल्लों एवं गांवों से निकले ताजियेदार जुलूस पूरे अनुशासन के साथ कर्बला के मैदान पहुंचे, जहां परंपरागत धार्मिक रस्में अदा की गईं।

जुलूस के दौरान ढोल-नगाड़ों की पारंपरिक धुनों के बीच अकीदतमंदों ने मातमी रस्में निभाईं। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने ताजियेदारों का शरबत, पानी और मिठाइयां वितरित कर स्वागत किया तथा गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।

गढ़ी, खद्दर बाजार, घासमंडी, बड़ी मंडी, नक्कालान, धर्मपुर आंगा, गणेशपुर समेत क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों से निकले छोटे-बड़े ताजिए पुलिस सुरक्षा के बीच सकुशल कर्बला पहुंचे। वहीं निकटवर्ती गांव गोदी, गनीमत नगर, रानी नांगल, इस्लामनगर, पीपलसाना, सरदार नगर, अटरिया और लालूवाला सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी मोहर्रम का पर्व पूरी श्रद्धा, शांति और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया।

पूरे आयोजन के दौरान प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस की सतर्कता और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

प्रशासन की प्रभावी व्यवस्था, पुलिस की मुस्तैदी और नागरिकों के सहयोग से भोजपुर क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ@जफर/INN
