मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को शराब के ठेके पर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई फायरिंग में ठेके पर कार्यरत दो सेल्समैन गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार कटघर थाना क्षेत्र के पंडित नगला बाईपास स्थित शराब के ठेके पर शुक्रवार को विक्की और राकेश नामक सेल्समैन ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी।

फायरिंग में दोनों सेल्समैन गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही कटघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फायरिंग के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी@शांतनु/INN
