अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत के दौरे पर आ सकते हैं। इस बात की जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने दी। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप की भारत यात्रा को अंतिम रूप देने के लिए जल्द भारत आएंगे।
मार्को रूबियो ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मजबूत और सकारात्मक संबंध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौता (ट्रेड डील) अंतिम चरण में है और जल्द ही इस पर सहमति बन सकती है। इसके अलावा दोनों देश ऊर्जा क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
रूबियो ने भारत की रिफाइनिंग क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जो भारी कच्चे तेल को रिफाइन करने में सक्षम हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत एक मजबूत वैश्विक शक्ति के रूप में उभरा है और राष्ट्रपति ट्रंप भी पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हैं।
वहीं भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के बेहद करीब हैं और अब केवल कुछ मुद्दों पर सहमति बनना बाकी है। उन्होंने दोनों देशों को स्वाभाविक साझेदार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच व्यक्तिगत स्तर पर भी मजबूत संबंध हैं, जो दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत बनाते हैं।
डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले फरवरी 2020 में भारत आए थे। उस दौरान उन्होंने अहमदाबाद में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हिस्सा लिया था। हाल के वर्षों में भी दोनों नेताओं के बीच लगातार संवाद बना रहा है और हाल ही में फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी।
