मुरादाबाद। जन शिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।

समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपे। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से किया जाए। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को न्याय दिलाना प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया@जफर/INN
