दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी शाहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क के दो अलग-अलग मॉड्यूल का खुलासा किया है. इस ऑपरेशन में एक आतंकी मॉड्यूल और एक अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया. दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश में एक साथ चलाए गए अभियान के दौरान कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से कई अवैध पिस्तौल और पेट्रोल बम बरामद हुए हैं. जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इन हथियारों और विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किन वारदातों में किया जाना था. उल्लेखनीय है कि रांची स्थित RSS कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले में भी इसी तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया गया था.
स्पेशल सेल का कहना है कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच जारी है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.
