एक ओर अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक जारी है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज से भगवान श्रीराम और सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया।
सीएम योगी ने कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और भगवान श्रीराम उसी आत्मा के मूल स्रोत हैं। उन्होंने कहा, “राम केवल एक नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र की चेतना का प्रतीक हैं। भगवान श्रीराम भारत की आत्मा के आधार हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश जिस भव्य अयोध्या और श्रीराम मंदिर को देख रहा है, वह अशोक सिंघल के वर्षों पुराने संकल्प और अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन को याद करते हुए कहा कि 1980 और 1990 के दशक में पूरे देश में “रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे” का नारा जन-जन की आवाज बन गया था।
योगी आदित्यनाथ ने उस दौर के युवाओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि “मंदिर के काम न आए, ये जवानी बेकार है” जैसे नारों ने युवाओं में राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पण का भाव जगाया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल के नेतृत्व में चले राम मंदिर आंदोलन ने देश में सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभावना को नई दिशा और नई ऊर्जा दी।
