मुरादाबाद। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, जनपद शाखा मुरादाबाद द्वारा सोमवार को जिला चिकित्सालय के ओपीडी प्रांगण में एसोसिएशन के संस्थापक एवं आजीवन महामंत्री स्वर्गीय श्री राम उजागिर पांडे की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संगठन के पदाधिकारियों, वरिष्ठ फार्मासिस्टों तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षु फार्मासिस्टों ने स्व. पांडे के चित्र पर पुष्पमाला एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय राम उजागिर पांडे ने अपना संपूर्ण जीवन फार्मासिस्टों के अधिकारों, संगठन की मजबूती और स्वास्थ्य सेवाओं के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनके संघर्ष, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता के कारण डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन को नई पहचान मिली। उन्होंने हमेशा संगठनात्मक एकता, अनुशासन, सेवा भावना और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

वक्ताओं ने कहा कि स्व. पांडे के विचार आज भी पूरे प्रदेश के फार्मासिस्टों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और संगठन की गरिमा को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार ने भी स्व. पांडे के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने फार्मेसी सेवा को सम्मान दिलाने और फार्मासिस्टों के हितों की रक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

श्रद्धांजलि सभा में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिला मंत्री हेमंत चौधरी, हीना रूमी, प्रदेश उपाध्यक्ष निश्चल भटनागर, कोषाध्यक्ष पंकज पांडेय, मुकेश जैन, अंकुर चौहान, पी.पी. चौहान, राजेश पाठक, जगत सिंह, मकसूद सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठ फार्मासिस्ट एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन दो मिनट का मौन रखकर स्व. राम उजागिर पांडे की पुण्य स्मृति को नमन करने तथा उनके आदर्शों को जीवन एवं संगठनात्मक कार्यों में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ@शांतनु/INN
