मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाले दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति, जनजागरूकता और विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कर्मियों को संचारी रोगों से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा बचाव और जागरूकता संबंधी सामग्री भी वितरित की जाए। उन्होंने कहा कि केवल जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को व्यावहारिक रूप से समझाना भी जरूरी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पानी की टंकियां हमेशा ढकी रहें, घरों की खिड़कियों पर मच्छरदानियां लगी हों तथा उनका नियमित उपयोग किया जाए।

उन्होंने कहा कि आशा, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी स्वयं भी इन सावधानियों का पालन करें, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि संचारी रोगों एवं दस्तक अभियान के दौरान प्रतिदिन स्वास्थ्यकर्मियों को शपथ दिलाई जाए तथा जहां भी एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जाए, वहां पूर्व में सार्वजनिक घोषणा (अनाउंसमेंट) भी कराई जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि माइक्रो प्लान की सूचना संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कम से कम दो दिन पहले उपलब्ध करा दी जाए।

समीक्षा के दौरान विकास खंड कांठ और ठाकुरद्वारा की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। वहीं एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भोजपुर और ठाकुरद्वारा ब्लॉक की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताते हुए अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव बेलवाल, परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एमओआईसी, अधिशासी अधिकारी, सीडीपीओ तथा शिक्षा, जिला पंचायती राज, पशुपालन, नगर विकास, कृषि और बाल विकास परियोजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
