मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के कस्बा भोजपुर स्थित मोहल्ला बगियावाला की एक विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने, पंचायत के दौरान मारपीट करने और सरेआम तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह करीब तीन वर्ष पूर्व बिलाल नामक युवक से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति बिलाल, देवर सानिव, ससुर तौफीक और सास मोमीना कम दहेज लाने का ताना देकर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते रहे। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
पीड़िता का आरोप है कि करीब तीन माह पहले ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद से वह अपने मायके गांव रानीनांगल में रह रही है।
बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास करने के लिए 4 जुलाई 2026 को दोपहर करीब तीन बजे गांव रानीनांगल में पंचायत बुलाई गई थी। आरोप है कि पंचायत के दौरान ही ससुराल पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पति बिलाल ने पंचों के सामने ही पत्नी को तीन तलाक दे दिया।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
