प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की विदेश यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंचे हैं, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरे के दौरान भारत-इंडोनेशिया संबंधों को नई मजबूती मिली। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियान्टो ने ऐलान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिन्तांग अदिपुर्ना ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ मेडल ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान इंडोनेशिया का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान माना जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी की यह इंडोनेशिया की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। इससे पहले जनवरी 2025 में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियान्टो भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। अब प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और समुद्री सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और ‘महासागर विजन’ को और अधिक मजबूती देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग के क्षेत्रों में साझेदारी और मजबूत होगी।
सोमवार को इंडोनेशिया पहुंचने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा की शुरुआत हुई। मंगलवार को राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियान्टो के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता से पहले औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इसी दौरान राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किए जाने की घोषणा की। इंडोनेशिया के इस सम्मान को भारत और इंडोनेशिया के बीच गहरे होते रिश्तों और प्रधानमंत्री मोदी के वैश्विक नेतृत्व को मिली महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मान्यता के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इसके बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर रवाना होंगे।
