मुरादाबाद। छजलैट थाना क्षेत्र के दाढ़ी महमूदपुर स्थित एक आम के बाग में शनिवार को NEET की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगना बताया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अनस निवासी जनपद अमरोहा के रूप में हुई है। वह NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि शनिवार को अनस कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ समय बाद उसने अपने दोस्तों को अपनी लोकेशन भेजी। जब दोस्त बताए गए स्थान पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। अनस का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
दोस्तों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छजलैट थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अनस NEET परीक्षा में केमिस्ट्री विषय में अपेक्षा से कम अंक आने के कारण मानसिक रूप से परेशान था। उसने स्क्रूटनी के लिए भी आवेदन किया था, लेकिन उसमें भी कोई राहत नहीं मिल सकी, जिससे वह काफी तनाव में बताया जा रहा था।
बताया गया है कि अनस के पिता दुबई में नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों व दोस्तों से पूछताछ की जा रही है@जफर/INN
