मुरादाबाद। नवागत जिलाधिकारी अनुनय झा ने बुधवार को मुरादाबाद पहुंचकर जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। चार्ज संभालने के फौरन बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी के अचानक निरीक्षण से कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों में सक्रियता नजर आई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करते हुए कार्यालयों की स्थिति, साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा आम लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट में आने वाले फरियादियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यालयों में व्यवस्थित ढंग से कार्य करने तथा सरकारी अभिलेखों एवं दस्तावेजों के रखरखाव पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट जनसामान्य से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सहज और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए। जन शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और शासन की योजनाओं एवं निर्देशों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से उनके विभागीय कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा कार्यालयों में कार्य संस्कृति को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

नवागत जिलाधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद कलेक्ट्रेट के निरीक्षण को प्रशासनिक व्यवस्था को सक्रिय और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी@शांतनु/INN
