मुरादाबाद। प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को गति प्रदान करने तथा ‘सहकारिता से समृद्धि’ के दृष्टिकोण को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंचायत भवन सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह चौहान ने की। कार्यक्रम में सहकारी समितियों की उत्पादकता एवं लाभप्रदता बढ़ाने के साथ ही सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा उनकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कृषक समृद्धि योजना के शुभारंभ एवं भारत टैक्सी योजना के उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
छोटे एवं सीमांत किसानों को 6 लाख रुपये तक ऋण की सुविधा
कार्यक्रम में बताया गया कि कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के माध्यम से छोटे एवं सीमांत किसानों को 6 लाख रुपये तक का ऋण 6 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि एवं संबंधित गतिविधियों के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराते हुए उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
भारत टैक्सी योजना से व्यापार एवं यातायात को मिलेगा प्रोत्साहन
सहकारिता क्षेत्र के अंतर्गत भारत टैक्सी योजना का भी शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से आमजन को व्यापार एवं यातायात की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। योजना के अंतर्गत वाहन चालक अर्थात ‘साथी’ को किसी कंपनी को कमीशन के रूप में कोई धनराशि भुगतान नहीं करनी होगी। इससे चालकों को अपनी आय के बेहतर अवसर प्राप्त होने के साथ ही आमजन को परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग मिलेगा।

बी-पैक्स को बनाया जा रहा बहुउद्देशीय एवं स्वावलंबी
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा बी-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों) को स्वावलंबी एवं अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उन्हें बहुउद्देशीय स्वरूप प्रदान किया गया है। अब बी-पैक्स विभिन्न प्रकार के व्यापारिक एवं जनोपयोगी कार्य कर सकेंगी, जिससे समितियों की आय में वृद्धि के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
किसानों को समय से खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा बी-पैक्स को अधिक लाभप्रद बनाने के उद्देश्य से सभी बी-पैक्स की पूर्व निर्धारित 10 लाख रुपये की ब्याजमुक्त ऋण सीमा को बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे समितियां 15 लाख रुपये तक की खाद एवं बीज की व्यवस्था कर सकेंगी और किसानों को समय से कृषि निवेश उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। साथ ही, इस ऋण पर समितियों को ब्याज का भुगतान नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने, समितियों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने, किसानों को समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी विजयभान सिंह, उत्तर प्रदेश भूमि विकास बैंक के प्रतिनिधि राम किशोर लोधी एवं जितेन्द्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख मुरादाबाद मनीष सिंह, ब्लॉक प्रमुख भगतपुर संतोष सिंह, ब्लॉक प्रमुख मूंढापांडे नवदीप यादव, संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक सहकारिता मुरादाबाद मंडल वीर विक्रम सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता मुरादाबाद अमरेन्द्र कुमार सिंह तथा जिला सहकारी बैंक के सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेम सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे@शांतनु/INN
