मुरादाबाद। बागपत के जिलाधिकारी की नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे मुरादाबाद के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया और बागपत में नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में वक्ताओं ने कहा कि नगर आयुक्त के रूप में दिव्यांशु पटेल ने शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा नगर निगम की विकास योजनाओं को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए। उनके कार्यकाल में जनसुविधाओं से जुड़े कई कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया गया।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा करते हुए उनकी कार्यशैली, अनुशासन और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैये की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के साथ ही उन्होंने नगर निगम परिवार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।
अपने संबोधन में दिव्यांशु पटेल ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में कार्यकाल के दौरान उन्हें सभी का सहयोग और स्नेह मिला, जिसे वह हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवा और विकास कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी।
समारोह के अंत में नगर निगम परिवार की ओर से दिव्यांशु पटेल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें बागपत के जिलाधिकारी के रूप में नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की/INN
