मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव मिलक मोहब्बतपुर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 22 वर्षीय महिला ने कथित गृहक्लेश के चलते अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि गांव मिलक मोहब्बतपुर निवासी कादिर की पत्नी राहेमीन ने गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे घर के अंदर फांसी लगा ली। घटना के समय परिवार के लोग घर पर मौजूद थे। महिला को फांसी के फंदे पर लटका देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घटना की सूचना भोजपुर थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में मामला गृहक्लेश से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसके बारे में पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई है।
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होगी। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
