मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के सिरसवां दोराहा स्थित हजरत अब्दुल रहीम चिश्ती मियां रहमतुल्लाह अलैह के 36वें उर्स-ए-मुबारक के अवसर पर गुरुवार रात कुल शरीफ का आयोजन किया गया। रात करीब नौ बजे शुरू हुए कार्यक्रम में आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे। लोगों ने पूरी अकीदत के साथ कुल शरीफ में शिरकत की और हजरत अब्दुल रहीम चिश्ती मियां रहमतुल्लाह अलैह को खिराज-ए-अकीदत पेश किया।

कुल शरीफ के दौरान मुल्क में अमन-चैन, कौम की खुशहाली, क्षेत्र की तरक्की और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए विशेष दुआ की गई। इसके साथ ही देश और समाज में शांति, सौहार्द एवं आपसी प्रेम बना रहने तथा सभी लोगों के लिए खुशहाली की कामना की गई।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक चौधरी सौलत अली ने भी पहुंचकर शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भी उर्स में शामिल होकर अकीदतमंदों के साथ दुआ में हिस्सा लिया। उर्स के मौके पर आयोजन स्थल पर देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रही। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की मौजूदगी के चलते पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।

उर्स-ए-मुबारक के दौरान अकीदतमंदों ने हजरत अब्दुल रहीम चिश्ती मियां रहमतुल्लाह अलैह की शिक्षाओं और उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए देश में भाईचारा और शांति कायम रखने की कामना की। आयोजन में शामिल लोगों ने कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देते हैं।

आयोजकों की ओर से उर्स में शामिल होने वाले सभी अकीदतमंदों, सहयोग करने वाले लोगों और व्यवस्था में योगदान देने वालों का आभार जताया गया। शांतिपूर्ण माहौल में कुल शरीफ का आयोजन संपन्न हुआ@जफर/INN
