मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के प्रस्तावित नोएडा जीरो पॉइंट धरना-प्रदर्शन को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है। सोमवार को भोजपुर पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (भानू) के उत्तर प्रदेश महासचिव नईम चौधरी समेत संगठन के कई पदाधिकारियों को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया।

बताया गया कि भारतीय किसान यूनियन (भानू) की ओर से 5 अक्टूबर को नोएडा जीरो पॉइंट पर धरना-प्रदर्शन एवं घेराव कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नईम चौधरी संगठन के अन्य पदाधिकारियों के साथ रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान भोजपुर पुलिस ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें बाहर जाने से रोक दिया और हाउस अरेस्ट कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच हलचल बढ़ गई। स्थानीय स्तर पर पुलिस ने निगरानी भी बढ़ा दी है, ताकि प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पदाधिकारी जिले से बाहर न जा सकें।
वहीं, भारतीय किसान यूनियन (भानू) की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष पूनम चौहान ने महिला मोर्चा की जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित संगठन की पूरी टीम से नोएडा जीरो पॉइंट पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया है। कार्यक्रम आज रविवार सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है।
हाउस अरेस्ट की कार्रवाई को लेकर किसान यूनियन पदाधिकारियों में नाराजगी देखी जा रही है। संगठन की ओर से कार्यक्रम को लेकर आगे की रणनीति बनाए जाने की बात कही जा रही है@जफर/INN
