मुरादाबाद। नवरात्रि पर्व को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और नवरात्रि के दौरान मंदिरों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से संगठनों ने नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिरों में विशेष साफ-सफाई कराने, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा धार्मिक स्थलों के आसपास व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने की मांग की।

विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने डांडिया और गरबा आयोजनों को लेकर भी अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में आयोजकों द्वारा प्रवेश व्यवस्था को स्पष्ट रखा जाए और प्रवेश करने वाले लोगों की पहचान की जांच सुनिश्चित की जाए। संगठनों ने गरबा आयोजनों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर आयोजकों से स्पष्ट नियम और व्यवस्था तय करने की मांग की। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग भी की गई।

इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने आगामी दीपावली पर्व को लेकर पटाखों के डिब्बों पर देवी-देवताओं की तस्वीरों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उनका कहना था कि धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पटाखों के पैकेट पर देवी-देवताओं के चित्रों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए नवरात्रि और आगामी त्योहारों के दौरान उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की@शांतनु/INN
