मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव मिलक लालूवाला में घर में घुसकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित इमरान पुत्र नन्नू की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में इमरान ने आरोप लगाया कि 4 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे गांव के आदिल, इस्लाम पुत्र अशफाक, आसीम पुत्र अनीस, नाजीर पुत्र अनीस, ताहिर पुत्र कमरउद्दीन और मुशाहीद पुत्र कमरउद्दीन हाथों में लोहे के पाइप और सरिये लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे।
मारपीट में इमरान के अलावा उसके भाई उस्मान, रिहान, नोशाद और शमशाद को चोटें आने की बात कही गई है। आरोप है कि हमलावरों ने इमरान की भाभी और बहन के साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों से बचने के लिए परिवार के सदस्यों ने कमरों में बंद होकर किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर भोजपुर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
