मुरादाबाद। 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किए जा रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान के संबंध में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी तथा जिला पूर्ति अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चूहा एवं छछूंदर के कारण फैलने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को साफ-सफाई, खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण तथा चूहा एवं छछूंदर नियंत्रण के प्रभावी उपायों के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संचारी रोगों के संक्रमण की अवधि में पशुओं को सुरक्षित रखने के उपायों के संबंध में पशुपालकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा पशुओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नहरों एवं उनके आसपास उगी झाड़ियों तथा अनावश्यक वनस्पति की साफ-सफाई बेहतर ढंग से कराई जाए, ताकि मच्छरों एवं अन्य संक्रामक रोगों के वाहक जीवों के पनपने की संभावना को कम किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले दस्तक अभियान को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान बच्चों को आयरन एवं कैल्शियम की दवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पूर्व में संचालित अभियानों में छूटे हुए बच्चों को भी चिन्हित करके उन्हें एल्बेंडाजोल एवं एचपीवी वैक्सीन से आच्छादित करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी एवं परिणामपरक बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता, साफ-सफाई और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
