मुरादाबाद। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह ने थाना भोजपुर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, चौकी इंचार्ज, हल्का इंचार्ज सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी ग्रामीण ने अधिकारियों से संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों और ऐसे क्षेत्रों की जानकारी ली, जहां त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता की आवश्यकता रहती है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल नजर रखते हुए उनका खंडन करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ग्रामीण ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की सक्रियता और सतर्कता बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय लोगों और गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
लंबित विवेचनाओं की भी हुई समीक्षा
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद एसपी ग्रामीण ने उपनिरीक्षकों का ओआर (ऑर्डरली रूम) किया। इस दौरान थाने में लंबित विवेचनाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। उन्होंने विवेचकों से लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कुंवर आकाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक रूप से विवेचनाओं को लंबित न रखा जाए और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।
एसपी ग्रामीण ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रखते हुए क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं@जफर/INN
