नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया है. NDA घटक दलों के नेताओं ने नई सरकार बनाने के लिए नीतीश कुमार के समर्थन के नाम का पत्र गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान को सौंप दिया है. इसके साथ ही नई सरकार के गठन का दावा पेश कर दिया है.
एनडीए विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव बीजेपी के नेता सम्राट चौधरी ने रखा. नई सरकार में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम बने रहेंगे. बीजेपी विधायक दल ने सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उपमुख्यमंत्री बनाए रखने का फैसला किया है. सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उप नेता चुना गया.
इससे पहले नीतीश कुमार JDU विधायक दल के नेता चुने गए. बुधवार (19 नवंबर) को मुख्यमंत्री आवास में जेडीयू विधायक दल की बैठक हुई. इसमें सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को नेता चुन लिया गया. नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. पटना के गांधी मैदान में गुरुवार (20 नवंबर) को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इसे लेकर जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं. नीतीश कुमार ने मंगलवार (18 नवंबर) को खुद ही गांधी मैदान पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां का जायजा लिया था.
