मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निस्तारण हेतु निर्देशित किया।

बिलारी शुगर मिल पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य के संबंध में जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान हेतु शुगर मिल ने ऋण के लिए अप्लाई किया है ऋण मिलते ही किसानों के अवशेष गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया जायेगा। जिलाधिकारी ने मिल प्रबन्धन को यह भी निर्देश दिए कि नए पेराई सत्र में गन्ने का भुगतान नियमानुसार सुनिश्चित किया जाये।

उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया कि गन्ने का ट्रक ओवर हाईट न हो तथा गन्ना क्रय केन्द्र पर किसी भी प्रकार की घटतौली न हो इसको सुनिश्चित किया जाये। यदि किसी भी गन्ना क्रय केन्द्र पर अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

जनपद में बाढ़ प्रभावित लोगों को फसल मुआवजे की धनराशि के संबंध में बताया गया कि 5900 बाढ़ प्रभावित लोगों का चयन कर 5500 किसानों के खाते में धनराशि भेज दी गयी है, 400 किसानों का डाटा गलत होने की वजह से धनराशि उनके खातों में नहीं जा सकी है उनका भी डाटा ठीक कराकर यथाशीघ्र धनराशि भेजी जाएगी। किसान दिवस में किसानों ने बताया कि जल निगम द्वारा ग्रामों में मुख्य सड़के खोदकर छोड़ दी गयी हैं, जिसके कारण परेशानी हो रही है इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम (ग्रामीण) को निर्देशित किया कि सड़कों को दुरस्त कराया जाये। मूढ़ापाण्डे क्षेत्र के किसानों ने बताया कि नहर में कुलावा नहीं होने के कारण सिंचाई नहीं हो पा रही है, जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अगवानपुर बिजली घर से नलकूप लाइन पर मात्र दो घंटे बिजली आपूर्ति की शिकायत पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को मानक के अनुसार विद्युत सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने किसानों से कहा कि किसान अपने फार्मर रजिस्ट्रेशन में अपेक्षित योगदान प्रदान करें। जिलाधिकारी ने किसान दिवस में बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त के तहत किसानों को 18 हजार करोड़ की धनराशि सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी।
किसान दिवस में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, उप निदेशक कृषि, उपायुक्त मनरेगा, जिला गन्ना अधिकारी, एआर-कोआपरेटिव, अधिशासी अभियंता विद्युत के साथ साथ लोक निर्माण विभाग, चकबंदी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण व भारी संख्या में किसानगण मौजूद रहे।
