मुरादाबाद। मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान औद्योगिक चुनौतियों, समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर उद्यमियों के साथ विचार विमर्श किया गया।
उद्यमी ने बताया कि ज्यादातर औद्योगिक इकाइयों को विद्युत आपूर्ति की समस्या हो रही है, जिसके कारण औद्योगिक इकाइयों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। एसईजेड अच्छा सेंटर है परंतु वहां पर डोमेस्टिक की समस्या है।

हस्तशिल्पी दिलशाद हुसैन ने बताया कि नक्काशी का कार्य खत्म हो रहा है, जिसके लिए उन्होंने एक केंद्र खोले जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। रामपुर के उद्यमी द्वारा हैंडीक्राफ्ट की समस्या एवं जमीन की समस्या का मुद्दा मंडलायुक्त के समक्ष उठाया गया। साथ ही आईआईए के प्रतिनिधि गोपाल मेहता ने बताया कि गैस की पाइपलाइन तथा इकाइयों के पास बड़ा ईटीपी प्लांट हो। जनपद संभल से अरोड़ा एरोमेटिक के निदेशक ने बताया कि संभल का मेंथा ओडीओपी में शामिल किया जाए तथा जनपद में कॉमन फैसिलिटी सेंटर भी बनाया जाए।

विद्युत आपूर्ति को लेकर समस्याओं के समाधान के संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों को मंडलायुक्त ने निर्देशित किया।
मंडलायुक्त द्वारा सभी विभागों को उद्यमियों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध किए जाने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त के निर्देश पर बनी औद्योगिक डाटा के संबंध में एक फिल्म भी उद्यमियों के समक्ष प्रस्तुत की गई जिसमें गहन विश्लेषण एवं औद्योगिक समस्याओं के साथ-साथ उनके समाधान के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

मंडलायुक्त ने बताया कि औद्योगिक समस्याओं को रेखांकित करते हुए यह चर्चा एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे जो भी सुझाव और समस्याएं चिन्हित की जाएगी, उनके आधार पर मंडल स्तर की औद्योगिक नीति तैयार की जा सकेगी।बैठक के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ उद्यमी गण मौजूद रहे।
