मुरादाबाद। मंगलवार को विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार ने किया।
बैठक में उद्योग विभाग, आईटीआई, कौशल विकास मिशन, श्रम विभाग और सेवायोजन विभाग की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सेवायोजन अधिकारी, आईटीआई के प्रधानाचार्य, जिला समन्वयक—कौशल विकास मिशन, सहायक श्रम अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक/अधिकारी उपस्थित रहे।
2900 के लक्ष्य के मुकाबले 4358 आवेदन बैंक शाखाओं को भेजे गए
संयुक्त आयुक्त उद्योग ने बताया कि योजना के अंतर्गत जनपद को 2900 लाभार्थियों का लक्ष्य दिया गया है।इसके विरुद्ध अब तक 4358 आवेदन बैंक शाखाओं को प्रेषित किए जा चुके हैं, जिनमें से बैंकों द्वारा 1398 आवेदनों पर ऋण वितरण की कार्रवाई की गई है।
योजना की धीमी प्रगति पर CDO नाराज़, बैंकवार समीक्षा
मुख्य विकास अधिकारी ने योजना की धीमी प्रगति पर गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए बैंकवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि-
लाभार्थी का सर्वे समय से पहले कर प्रपत्र तैयार किए जाएँ,
आवेदन बैंक में लंबित न रखें,
दिसंबर माह तक आवंटित लक्ष्यों की कम से कम 65% पूर्ति सुनिश्चित की जाए,
ऋण आवेदनों का 15 दिन में निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जाए।
युवाओं की हर बाधा प्राथमिकता से दूर की जाए
CDO ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना की सफलता के लिए विभाग समन्वय और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्यम स्थापना में आने वाली हर कठिनाई को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
