नोएडा के साथ गाजियाबाद में लिफ्ट गिरने के हादसों में कमी नहीं आ रही है. ताजा वाकया गाजियाबाद की नामी सोसायटी संचार रेजिडेंसी का है, जहां एक लिफ्ट 12वीं मंजिल से धड़ाम से नीचे आकर गिरी. लिफ्ट 12वीं मंजिल पर थी और बटन दबाते ही तेज रफ्तार से नीचे आई.धड़ाम से लिफ्ट गिरते हुए युवक को गंभीर चोटें आईं. युवक के पैर में फ्रैक्चर हो गया. जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद की संचार रेजिडेंसी में एक युवक ऑफिस जाने के लिए निकला था. वो 12वें फ्लोर से नीचे आ रहा था. इसी दौरान अचानक से लिफ्ट बेकाबू हो गई और नीचे आ गई.
लिफ्ट में सवार युवक के पैर की हड्डी टूट गई, लिफ्ट खोलकर उसे बाहर निकाला गया. घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गाजियाबाद की कुणाल रेजिडेंसी सोसायटी में भी लिफ्ट गिरने का मामला पिछले हफ्ते सामने आया था. उस घटना में चार लोग घायल हुए थे.
