मुरादाबाद। शुक्रवार को मोड़ा तेहिया झील पर सामाजिक वानिकी प्रभाग मुरादाबाद और परिवर्तन “दी चेंज” संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बर्ड वॉचिंग एवं नेचर ट्रेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जीआईसी मानपुर और जीआईसी कुचावली के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के आयोजन में एडीआईओएस शतानंद शर्मा का विशेष सहयोग रहा।

सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी रहीं मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुरादाबाद की मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी उपस्थित रहीं। उनके मार्गदर्शन और निर्देशन में इस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। बताया गया कि बीते दो महीनों से इस कार्यक्रम की योजना तैयार की जा रही थी, जिसकी रूपरेखा सीडीओ द्वारा प्रस्तुत की गई थी। डीएफओ मुरादाबाद अविनाश पांडेय ने विभागीय अधिकारियों के साथ मिलकर इसकी योजना को मूर्त रूप दिया और परिवर्तन “दी चेंज” संस्था को आयोजन हेतु अधिकृत किया।

विशेषज्ञों ने दी पक्षियों की विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में नजीबाबाद से आई बर्ड विशेषज्ञ वृंदा बजाज और देहरादून से आए अरुण सरकार ने स्कूली बच्चों और आम जनता को पक्षियों के बारे में महत्वपूर्ण और दिलचस्प जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने बताया कि इस बर्ड वॉचिंग सत्र के दौरान कुल 29 प्रजातियों के पक्षी देखे गए, जिनमें सारस, पर्पल स्वॉम्प हेन, लिटिल एग्रेट, पर्पल हेरन, लिटिल कॉर्मोरेंट, इंडियन स्पॉट-बिल्ड डक, स्वैलो, कूट आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।

बच्चों ने प्रकृति के प्रति बढ़ाया ज्ञान और लगाव
बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ बर्ड वॉचिंग और नेचर ट्रेल में हिस्सा लिया। उन्होंने पक्षियों, पौधों और पर्यावरण से जुड़ी कई नई बातें सीखीं। अतिथियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और प्रेम बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने वन विभाग और परिवर्तन “दी चेंज” संस्था को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

विभिन्न विभागों और संस्था के पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुरादाबाद वन विभाग से बिलारी रेंजर रिजुल कंसल, डिप्टी रेंजर मनोज, पुष्पेंद्र चौधरी, अनुज, नमामि गंगे से जिला परियोजना अधिकारी पूजा सिन्हा, पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. अनामिका त्रिपाठी शामिल रहे। परिवर्तन “दी चेंज” संस्था से अध्यक्ष कपिल कुमार, आदित्य, विवेक, प्रिंस और आकांक्षा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
