मुरादाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जनपद में चल रहे पुनरीक्षण कार्य की विधानसभा-वार प्रगति एवं संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

13 दिसंबर को बीएलओ बूथ पर रहेंगे उपस्थित, एएसडी मतदाताओं का होगा सत्यापन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 13 दिसंबर को प्रत्येक बीएलओ अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे और राजनीतिक दलों द्वारा नामित बीएलए के सहयोग से एएसडी (एब्सेंट, शिफ्टेड, डुप्लीकेट) श्रेणी में आने वाले मतदाताओं के नामों का पुनः सत्यापन किया जाएगा। उनका कहना था कि यदि किसी वास्तविक मतदाता का नाम त्रुटिवश सूची से छूट गया हो तो प्रक्रिया के तहत उसे जोड़ा जाएगा।

एएसडी मतदाताओं की सूची बूथ पर उपलब्ध, वेबसाइट पर भी जारी
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एएसडी के रूप में चिन्हित मतदाताओं की सूची बूथ पर मौजूद बीएलओ के पास उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त यह सूची मुरादाबाद की आधिकारिक वेबसाइट moradabad.nic.in पर भी आमजन की जानकारी के लिए जारी की जाएगी।

वास्तविक मतदाता का नाम नहीं छूटेगा: डीईओ
उन्होंने कहा कि आयोग के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी स्थिति में वास्तविक मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए। इसके साथ ही प्रत्येक मतदाता का नियमानुसार सत्यापन किया जाना अनिवार्य है।

फॉर्म-6 द्वारा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नए मतदाता के रूप में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 बीएलओ से प्राप्त किया जा सकता है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान परिजन भी गणना पत्र भरकर जमा कर सकते हैं, लेकिन नए मतदाता का फार्म-6 स्वयं आवेदक को भरकर ही जमा करना होगा।
राजनीतिक दलों की शंकाओं का समाधान, बीएलए को सक्रिय भूमिका का निर्देश
बैठक के दौरान एसआईआर से संबंधित राजनीतिक दलों की शंकाओं का समाधान किया गया। निर्वाचन अधिकारी ने दलों से अपील की कि वे अपने बूथवार नामित बीएलए के माध्यम से एएसडी श्रेणी में आए नामों के सत्यापन में सहयोग करें।
विशेष पुनरीक्षण की संशोधित तिथियाँ घोषित
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित तिथियों के अनुसार—
गणना अवधि: 26 दिसंबर 2025 तक
आलेख्य प्रकाशन: 31 दिसंबर 2025
दावे एवं आपत्तियों की अवधि: 31 दिसंबर 2025 से 30 जनवरी 2026
निस्तारण एवं नोटिस चरण: 31 दिसंबर 2025 से 21 फरवरी 2026
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन: 28 फरवरी 2026
अधिकारी एवं प्रतिनिधि रहे उपस्थित
जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम, एसडीएम सदर राम मोहन मीणा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
