मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के सिरसवा दोराहा पर भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) के पदाधिकारियों और किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने किया।
तहसीलदार को सौंपा गया ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने मौके पर पहुंचे तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

धार्मिक स्थल के पास बिजली पोल न लगाने की मांग
किसानों ने मांग की कि धार्मिक स्थल सिरसवा दोराहा स्थित दरगाह के पास बिजली के पोल न लगाए जाएं, ताकि धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे।
धान क्रय केंद्र पर धांधली का आरोप
किसान नेताओं ने बेरखेड़ा चक स्थित धान क्रय केंद्र पर सूरज गुप्ता द्वारा खरीद में धांधली किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को क्रय केंद्र से हटाने की मांग की।

रास्ते पर मिट्टी डालने को लेकर विवाद
ज्ञापन में ग्राम पंचायत महेशपुर खेम, भगतपुर में रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डालने से उत्पन्न विवाद का भी उल्लेख किया गया और इस मामले के निस्तारण की मांग की गई।
पशुओं में फैल रही बीमारी पर जताई चिंता
किसानों ने क्षेत्र में पशुओं में फैल रही बीमारी पर चिंता जताते हुए इसके रोकथाम के लिए तत्काल टीकाकरण अभियान चलाने की मांग की।
झूठे मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग
इसके अलावा ग्राम मिलक कांकरखेड़ा निवासी एक व्यक्ति द्वारा झूठा मुकदमा दर्ज कराने की साजिश के मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन
तहसीलदार ने किसान नेताओं को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। @ZAFAR-INN
