मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई उनके ‘बैस्टियन’ रेस्टोरेंट से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित टैक्स अनियमितताओं की जांच के तहत की जा रही है।
कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें कई घंटों से शिल्पा शेट्टी के घर और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर छानबीन कर रही हैं। इस दौरान रेस्टोरेंट और उससे संबंधित कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
बेंगलुरु स्थित बैस्टियन पब पर भी छापा
बताया जा रहा है कि बुधवार को आयकर विभाग ने शिल्पा शेट्टी के स्वामित्व वाले बेंगलुरु स्थित ‘बैस्टियन’ पब पर भी छापा मारा था। यह पब सेंट मार्क्स रोड पर स्थित है और शहर के महंगे पब्स में शुमार है।
टैक्स चोरी के आरोपों की जांच
सूत्रों के अनुसार, पब के संचालन से जुड़े आयकर भुगतान में अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। आयकर अधिकारियों ने सुबह से ही निरीक्षण शुरू कर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की।
दस से अधिक अधिकारी रहे शामिल
छापेमारी के दौरान आयकर विभाग की टीम में दस से अधिक अधिकारी शामिल रहे। फिलहाल जांच जारी है और विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
