मुरादाबाद। यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने बीते तीन महीनों में ऐसे 200 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, जिन्होंने एक ही महीने में तीन से अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन किया।
इन कारणों से निलंबित किए गए लाइसेंस
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हेलमेट न पहनना, लाल बत्ती कूदना, गलत दिशा में वाहन चलाना, ओवर स्पीड, ओवरलोडिंग, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करना तथा शराब के नशे में वाहन चलाना जैसे मामलों में चालान पाए जाने पर डीएल निलंबन की कार्रवाई की गई है।
दिसंबर माह में सबसे अधिक कार्रवाई
विभागीय आंकड़ों के अनुसार दिसंबर माह में सबसे अधिक ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। परिवहन विभाग के निर्देशों के तहत यदि किसी चालक के खिलाफ उपरोक्त उल्लंघनों में लगातार तीन से अधिक चालान दर्ज होते हैं तो उसका लाइसेंस निलंबित करने का प्रावधान है।
बिना परमिट व शर्तों के उल्लंघन पर भी चालान
परिवहन विभाग ने बताया कि जिले में पिछले नौ महीनों के दौरान बिना परमिट के चल रहे 150 से अधिक कॉमर्शियल वाहनों के चालान किए गए हैं। इसके अलावा परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने पर करीब 200 अन्य कॉमर्शियल वाहनों पर भी कार्रवाई की गई है।
नियम पालन की दी जा रही जानकारी : आरटीओ
आरटीओ राजेश सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई चालक तीन से अधिक बार नियमों का उल्लंघन करता है तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जाता है।
हर माह सैकड़ों वाहनों पर होती है कार्रवाई
एआरटीओ हरिओम ने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से प्रत्येक माह ओवरलोडिंग सहित अन्य मामलों में 150 से अधिक वाहनों के चालान किए जाते हैं। कई ऐसे वाहन भी पकड़े जाते हैं जिनका एक ही महीने में चार से पांच बार चालान किया जाता है।
