मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के रफतपुर गांव में बुधवार सुबह करीब सात बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गौकशी की बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। घने कोहरे की आड़ में जंगलों की ओर बढ़ रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में सरगना नसीम उर्फ गजरा घायल
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गौकशी गैंग का सरगना नसीम उर्फ गजरा पैर में गोली लगने से घायल हो गया। गोली लगते ही नसीम जमीन पर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

महिंद्रा वाहन से जंगल की ओर जा रहे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी एक महिंद्रा वाहन में सवार होकर जंगल की ओर जा रहे थे। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास करते ही बदमाशों ने बिना चेतावनी फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।


कॉम्बिंग ऑपरेशन में पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कुल पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में—
नसीम उर्फ गजरा (मुख्य आरोपी, मुठभेड़ में घायल)
फहीम
मोहम्मद
कासिन
एक अन्य साथी शामिल हैं।
इनमें से दो आरोपी कुंदरकी थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि तीन आरोपी सिरसखेड़ा गांव के बताए जा रहे हैं।

अवैध हथियार और गौकशी के औजार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा
कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में औजार बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
जिला अस्पताल में भर्ती घायल बदमाश, कड़ी सुरक्षा


घायल बदमाश नसीम उर्फ गजरा को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी पुलिस बल तैनात है।
एसपी सिटी का बयान

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर थाना कटघर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। बदमाशों द्वारा पुलिस पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में मुख्य आरोपी घायल हुआ। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
