विकास व स्वास्थ्य योजनाओं की मंडलीय समीक्षा में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुरादाबाद। मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में विकास कार्यों एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की मंडलीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में मंडल के सभी जिलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार और जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
सीयूजी नंबर न उठाने पर सख्ती
मंडलायुक्त ने अधिकारियों द्वारा सीयूजी नंबर रिसीव न किए जाने की शिकायतों पर नाराजगी जताई और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ सबसे अधिक शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने अल्ट्रासाउंड सेंटरों को मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत मरीजों को लाभ न मिलने और गलत उपचार की शिकायतें गंभीर हैं। ऐसे में सीएमओ पूरी सख्ती बरतें तथा लापरवाही करने वाले सूचीबद्ध अस्पतालों पर जुर्माना और ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई करें।
वेंटिलेटर और एंबुलेंस व्यवस्था पर जोर
मंडलायुक्त ने चिकित्सालयों में उपलब्ध वेंटिलेटरों की उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि गंभीर रोगियों को समय पर लाभ मिल सके। साथ ही एंबुलेंस संचालन प्रक्रिया की क्रॉस चेकिंग कराने को कहा और निर्देश दिए कि मरीजों को समय से एंबुलेंस उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

टीबी, फायर सेफ्टी और मातृत्व मृत्यु की समीक्षा
टीबी रोगियों को नि:क्षय पोषण योजना के अंतर्गत भुगतान न होने के कारणों की जानकारी ली गई। मंडलायुक्त ने सभी अस्पतालों में फायर सेफ्टी मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
मातृत्व मृत्यु की जिलेवार समीक्षा करते हुए उन्होंने आशा कार्यकर्ता, पंचायत सहायक एवं स्थानीय निकायों के सहयोग से मामलों की सख्त मॉनिटरिंग करने और ग्रामीण स्तर पर गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की जांच व उपचार पर विशेष ध्यान देने को कहा।
प्राइवेट हॉस्पिटल की रिपोर्टिंग अनिवार्य
संस्थागत प्रसव की समीक्षा में मंडलायुक्त ने प्राइवेट हॉस्पिटलों में होने वाले प्रसव का डेटा न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निजी अस्पतालों से प्रसव की पूरी रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए, अन्यथा लापरवाही पर लाइसेंस निरस्त किए जाएं।
खाद्य सुरक्षा और कार्यालयी गोपनीयता पर निर्देश
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लिए गए नमूनों और अधोमानक पाए गए खाद्य पदार्थों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने लगातार नमूने लेकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यालयों में गोपनीयता बनाए रखने पर भी जोर दिया और कहा कि अनधिकृत व्यक्तियों का किसी भी दशा में कार्यालयी कार्यों में हस्तक्षेप न हो।
आईजीआरएस व सामुदायिक शौचालयों की स्थिति पर नाराजगी
आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने पर मंडलायुक्त ने असंतोष जताया। साथ ही ग्राम पंचायतों में बने सामुदायिक शौचालयों की स्थिति का सत्यापन कर बेहतर संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
अन्य योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में कृषि, ग्रामीण विकास एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, गन्ना मूल्य भुगतान, एनआरएलएम, ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, कौशल विकास मिशन, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी मुरादाबाद अनुज सिंह, जिलाधिकारी बिजनौर जसजीत कौर, जिलाधिकारी सम्भल राजेंद्र पैसिया, जिलाधिकारी रामपुर अजय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी अमरोहा निधि गुप्ता वत्स सहित मंडल के सभी मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
