मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 10 नवंबर 2025 को ग्राम गोट रेलवे अंडरपास (बाहद चौकी सिरसवा दोराहा) पर हुई पुलिस कार्रवाई (मुठभेड़) के दौरान घायल हुए दो अभियुक्तों की मृत्यु के मामले में मजिस्ट्रियल जांच प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस मुठभेड़ में आसिफ उर्फ टिड्ढा पुत्र शमशाद, निवासी खत्ता रोड, बनिया वाला खेत, ब्रह्मपुरी, जनपद मेरठ तथा दीनू पुत्र चुन्नू उर्फ इलियास, निवासी ग्राम खिवायी, थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
इस पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच नगर मजिस्ट्रेट मुरादाबाद श्री विनय पाण्डेय द्वारा की जा रही है।
बयान व साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर
नगर मजिस्ट्रेट ने जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना से संबंधित बयान अथवा साक्ष्य यदि कोई व्यक्ति या संबंधित पक्ष प्रस्तुत करना चाहता है, तो वह किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय नगर मजिस्ट्रेट,
कलेक्ट्रेट परिसर, जनपद मुरादाबाद में दिनांक 08 जनवरी 2026 तक पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक उपस्थित होकर अपने बयान अथवा साक्ष्य दर्ज करा सकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मजिस्ट्रियल जांच निष्पक्षता एवं नियमानुसार की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम के तथ्यों की गहन जांच सुनिश्चित की जा सके।
