मुरादाबाद। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में मुरादाबाद में आक्रोश लगातार तेज होता जा रहा है। हिंदू संगठनों द्वारा इन घटनाओं के खिलाफ लगातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है। शनिवार को अध्यक्ष राजेश रस्तोगी के नेतृत्व में श्री रामलीला महासंघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपना रोष जताया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बांग्लादेश मुर्दाबाद” के नारे लगाए और बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और उनके साथ मारपीट, हिंसा व हत्याओं जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन्हें हिंदू समाज किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से हिंदुओं को टारगेट कर अत्याचार किए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर दबाव बनाकर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
