मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार शनिवार को मुरादाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनी है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि SIR अभियान के तहत लगभग तीन लाख फर्जी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना है, ताकि केवल वास्तविक और पात्र मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित हमलों को लेकर अनिल कुमार ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस मामले में भारत सरकार स्थिति पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है और आवश्यक कूटनीतिक कदम उठाए जा रहे हैं।
मनरेगा योजना के नाम बदलने को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर कैबिनेट मंत्री ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरी तरह राजनीतिक बयानबाजी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा योजनाओं के माध्यम से गरीबों और जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने की है, न कि किसी प्रकार की राजनीति करना।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है।
