मुरादाबाद। युवाओं में तेजी से बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों को देखते हुए पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) मुरादाबाद में एक विशेष हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्देश्य रिक्रूट कांस्टेबलों को हृदय रोगों से बचाव और आपात स्थिति में जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी देना रहा।
हेल्थ कैंप में प्रसिद्ध हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने करीब 1400 रिक्रूट कांस्टेबलों को हार्ट अटैक से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हार्ट अटैक आने की स्थिति में समय पर CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देकर किसी भी व्यक्ति की जान कैसे बचाई जा सकती है। इस दौरान CPR की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
डॉ. मेहरोत्रा ने युवाओं में हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि शराब, सिगरेट, तंबाकू का सेवन और अनहेल्दी डाइट इसकी प्रमुख वजह बनते जा रहे हैं। साथ ही तनाव, नींद की कमी और शारीरिक गतिविधियों की कमी भी हृदय रोगों को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने बढ़ती सर्दी के मौसम को देखते हुए युवाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी और कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के हेल्थ कैंप न केवल पुलिस बल को स्वस्थ रखने में मददगार साबित होंगे, बल्कि आपात स्थिति में आम लोगों की जान बचाने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
