नई दिल्ली/कर्नाटक। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कर्नाटक स्थित कारवार नेवल बेस पर भारतीय नौसेना की कलवरी श्रेणी की पनडुब्बी INS वाघीर में यात्रा कर इतिहास रच दिया। पनडुब्बी में सफर करने वाली वह भारत की दूसरी राष्ट्रपति बन गई हैं। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने फरवरी 2006 में पनडुब्बी में यात्रा की थी।
राष्ट्रपति मुर्मू नौसेना की वर्दी पहनकर पनडुब्बी में सवार हुईं। इस दौरान नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी भी उनके साथ मौजूद रहे। INS वाघीर को जनवरी माह में नौसेना में शामिल किया गया था, जो P-75 स्कॉर्पीन परियोजना के तहत बनी छठी और अंतिम पनडुब्बी है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इससे पहले भी भारतीय सशस्त्र बलों के साथ कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कर चुकी हैं। वह भारतीय वायुसेना के राफेल और सुखोई-30 MKI लड़ाकू विमानों में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति भी हैं।
यह यात्रा भारतीय नौसेना की परिचालन क्षमता और ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा परियोजनाओं की मजबूती को दर्शाती है।
