उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में भाजपा के एक संगठनात्मक कार्यक्रम के दौरान अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत समारोह में भारी संख्या में कार्यकर्ता जुटे थे। इसी भीड़भाड़ और धक्का-मुक्की के बीच एक स्थानीय भाजपा नेता की जेब से 50 हजार रुपये की गड्डी गायब हो गई।
जैसे ही नेताजी को अपनी जेब कटने या पैसे गिरने का अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत मंच का माइक संभाल लिया। कार्यक्रम की कार्यवाही रोककर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और बहुत ही विनम्र लहजे में अपील की। उन्होंने कहा, “साथियों, हमारे मंडल महामंत्री की 50 हजार की एक गड्डी गिर गई है। जिस भी कार्यकर्ता भाई को वह मिली हो, वह अपना बड़ा दिल दिखाते हुए उसे वापस कर दे।”
मंच से की गई इस सार्वजनिक अपील का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नेताजी की लाचारी और उनकी “ईमानदारी की उम्मीद” चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, ताजा जानकारी के मुताबिक, इतनी भावुक अपील के बाद भी अब तक पैसे लौटाने के लिए कोई सामने नहीं आया है।
