Oplus_16908288
बिलारी। नवादा गांव के प्रतिभाशाली युवक राजा बाबू ने भारतीय सेना में टेक्निकल सुपरवाइजर जैसे अहम और प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस सफलता से पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है और बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है।
राजा बाबू के सेना में चयन की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान उनके आवास पर पहुंचे। विधायक ने फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके माता-पिता व परिवारजनों को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने कहा कि राजा बाबू की यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गांव का बेटा अब देश की सुरक्षा और तकनीकी जिम्मेदारियों को निभाने जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विधायक ने विश्वास जताया कि राजा बाबू पूरी निष्ठा, ईमानदारी और देशभक्ति के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान इस्लाम, रवि, बसंत कुमार, उस्मान, विश्वजीत सिंह यादव, रूप किशोर, शिशुपाल यादव, एपी यादव, दिनेश जाटव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने राजा बाबू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीणों ने कहा कि राजा बाबू की सफलता से गांव के अन्य युवाओं को सेना और तकनीकी सेवाओं में जाने की प्रेरणा मिलेगी। खुशी के मौके पर गांव में मिठाइयां बांटी गईं। बुजुर्गों ने इसे गांव के लिए गौरव का क्षण बताया, वहीं युवाओं ने इसे मेहनत और लगन का बेहतरीन उदाहरण बताया।
