बरेली। सर्किट हाउस में आयोजित पशुधन मंत्री की बैठक के दौरान फरीदपुर से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि बैठक के बीच उन्हें हार्ट अटैक आया।
तत्काल उन्हें इलाज के लिए मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
गौरतलब है कि कल ही उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया था। डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे और क्षेत्र में एक सक्रिय एवं लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी पहचान थी।
उनके निधन की खबर मिलते ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा शोक व्याप्त है। सर्किट हाउस और अस्पताल परिसर में भारी संख्या में लोग जुटने लगे हैं।
