मुरादाबाद। झूठे बलात्कार के मामलों में फंसाकर वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह का मामला सामने आया है। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव पीपलसाना निवासी ग्रामीण मतलूब की तहरीर पर पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, उसकी पड़ोसी महिला ने अपनी मां, भाभी और दो भाइयों के साथ मिलकर एक गिरोह बना रखा है। यह गिरोह किशोरों और युवकों को झूठे आरोपों में फंसाकर उनके खिलाफ बलात्कार और जान से मारने की धमकी के मुकदमे दर्ज कराता है, फिर समझौते के नाम पर मोटी रकम वसूलता है।
मतलूब ने आरोप लगाया कि गिरोह की महिलाओं ने उसके पोतों के खिलाफ भोजपुर थाने में झूठी तहरीर दी। दबाव बनाने के लिए आरोपियों ने मुख्यमंत्री के हालिया दौरे के दौरान सर्किट हाउस के गेट पर हंगामा और उत्पात मचाया, जिससे पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बना। मजबूरन पुलिस ने उसके पोतों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया, जिसमें एक पोते को जेल भी जाना पड़ा।
पीड़ित का कहना है कि जेल भेजे जाने के बाद आरोपियों ने उसके घर के बाहर नाच-गाना कर जश्न मनाया। सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए वह पहले ही आरोपियों को 65 हजार रुपये दे चुका है। इसके बावजूद 28 दिसंबर को आरोपियों ने उससे 10 लाख रुपये की नई मांग रखी। रकम न देने पर पूरे परिवार को झूठे बलात्कार मुकदमों में फंसाने और जान से मरवाने की धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मां-बेटी समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रंगदारी, धमकी और साजिश जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
@ZAFAR-INN
