मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा तहसील स्थित सहायक चकबंदी अधिकारी (ACO) कार्यालय में महिला कर्मचारी के साथ बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। कार्यालय में तैनात एक कानूनगो पर महिला कर्मचारी से सरेआम छेड़छाड़, अश्लील हरकतें करने और पैसे का लालच देकर गलत काम के लिए मजबूर करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार, 2 दिसंबर को वह रोज़ की तरह कार्यालय पहुंची थी। उसी दौरान कानूनगो होशियार सिंह शराब के नशे में दफ्तर आया। आरोपी ने महिला कर्मचारी से जबरन नए साल की मिठाई खाने को कहा। महिला के इनकार करने पर उसने अपशब्द कहे और अश्लील व्यवहार शुरू कर दिया।
महिला कर्मचारी का आरोप है कि आरोपी कानूनगो ने जबरदस्ती उसे पकड़ लिया और उसके मुंह में मिठाई ठूंसने की कोशिश की। इस दौरान वह लगातार अभद्र बातें करता रहा और कहता रहा कि “बताओ कितने पैसे चाहिए, मेरे साथ चलो।” महिला के विरोध करने पर आरोपी की हरकतें और बढ़ गईं।
घटना के दौरान महिला के शोर मचाने पर कार्यालय के अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनगो को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि थाने में भी आरोपी नशे की हालत में था और पुलिस की मौजूदगी में महिला कर्मचारी को पैसे देने की बात दोहराता रहा। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
