मुरादाबाद। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के गांव उमरी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सात बीघा जमीन बेचने का विरोध कर रही मां की उसके ही बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पूरी रात मां के शव के पास बैठा रहा। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव उमरी निवासी ऋषिपाल की कुछ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। उनकी मौत के बाद उनके हिस्से की जमीन पत्नी सावित्री के नाम दर्ज हो गई थी। सावित्री के एक बेटा कपिल और एक बेटी हैं। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा कपिल भी विवाहित है।
परिजनों के अनुसार, कपिल लंबे समय से मां के नाम दर्ज जमीन को बेचना चाहता था, लेकिन सावित्री इसके लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
शुक्रवार शाम भी जमीन बेचने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह विवाद शांत कराया। इसके बाद लोग अपने-अपने घर लौट गए।
रात में किया जानलेवा हमला
बताया गया कि देर रात कपिल ने एक बार फिर मां पर जमीन बेचने का दबाव बनाया। सावित्री ने साफ इनकार कर दिया। इसी बात से गुस्साए कपिल ने डंडा उठाकर मां पर हमला कर दिया और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोट लगने से सावित्री की मौके पर ही मौत हो गई।
हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या करने के बाद भी आरोपी घर से नहीं भागा। वह पूरी रात मां के शव के पास ही बैठा रहा। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पाकबड़ा थाना पुलिस ने आरोपी कपिल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
